Cyclone Arnab Alert: चक्रवात 'अर्नब' का बड़ा खतरा, यूपी समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; ओडिशा में स्कूल बंद
Cyclone Arnab News Update: मौसम विभाग (IMD) ने बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान चक्रवात 'अर्नब' (Cyclone Arnab) को लेकर देश के कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इस चक्रवात के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत देश के 11 राज्यों में मौसम तेजी से बिगड़ने की आशंका है।
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ओडिशा के छह संवेदनशील दक्षिणी जिलों में एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, वहीं आंध्र प्रदेश सरकार ने राहत कार्यों के लिए 27 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। आइए जानते हैं आपके राज्य में इस चक्रवात का क्या असर होने वाला है।
आ रहा है अर्नब, 31 तक स्कूल बंद , जाने क्या है अर्नब
चक्रवात अर्नब का नाम बांग्लादेश ने प्रस्तावित किया था। यह नाम अप्रैल 2020 में विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और एशिया एवं प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (ESCAP) के चक्रवात संबंधी पैनल द्वारा अपनाई गई आधिकारिक सूची में शामिल है। वैसे अर्नब एक संस्कृत मूल का नाम है, जिसका अर्थ समुद्र या महासागर होता है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब तेजी से मजबूत हो रहा है और भारतीय तट की ओर बढ़ रहा है। इस चक्रवात को देखते हुए मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है।
किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट?
चक्रवात अर्नब का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के अलावा कई अन्य राज्यों में भी देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने 26 से 31 अक्तूबर के बीच अलग-अलग इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई है।
अंडमान द्वीपसमूह: 26 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश के बाद राहत का अनुमान।
आंध्र प्रदेश: 27 और 28 अक्तूबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। 29 अक्तूबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा: 27 अक्तूबर को दक्षिणी ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और उत्तरी ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 28 अक्तूबर को दक्षिणी ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश और उत्तरी ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। 29 अक्तूबर को आंतरिक ओडिशा में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
तेलंगाना: 28 अक्तूबर को पूर्वी तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़: 27 अक्तूबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 28 अक्तूबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 29 अक्तूबर को उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है।
झारखंड: 28 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
बिहार: 29 और 30 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 31 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है।
पश्चिम बंगाल: गंगा के मैदानी क्षेत्रों के तटीय जिलों में 28 और 29 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
विदर्भ: 28 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को पूर्वी विदर्भ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है।
पूर्वी मध्य प्रदेश: 28 और 30 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश: 29 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। 30 अक्तूबर को पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 31 अक्तूबर को भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।


